अवैध ईंट भट्ठा सील कर संचालक पर दर्ज कराई प्राथमिक

[Brick Kiln Database - Related News]

बेलहर थाना के पीछे लोढ़िया बदुआ नदी किनारे पिछले दो साल से अवैध रूप से चल रहे एमएसबी मार्का के चिमनी भट्ठे पर शनिवार की शाम खनन निरीक्षक विजय प्रसाद सिंह ने छापेमारी की। इस दौरान 3 लाख 50 हजार पक्की ईंट और 4 लाख 50 हजार कच्ची ईंट जब्त कर लिया। निरीक्षक ने भट्ठा को सील कर दिया। खनन निरीक्षक ने भट्ठा संचालक तीन पार्टनर मंटू साह लोढ़िया, पवन कुमार साह लक्ष्मीपुर (जमुई) और प्रेम रंजन साह विसनपुर के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। इसमें कहा गया है कि भट्ठा संचालक खनन विभाग से बिना लाइसेंस लिए और सरकारी देय स्वामित्व 74 हजार 5 सौ रुपए की राशि का भुगतान किए बिना सत्र 2015-16 और 2016-17 में ईंट-भट्ठा का अवैध कारोबार चला रहे थे। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा था। खनन निरीक्षक ने भट्ठा संचालक पर आरोप लगाया है कि बिना लाइसेंस का और बिना स्वामित्व राशि अदा किए भट्ठा संचालन करना कानून का उल्लंघन है। पुलिस ने भट्ठा पर चौकीदार नियुक्त कर दिया है। केस के अनुसंधानकर्ता गौतम ने बताया कि तीनों भट्ठा संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।